बाराबंकी। जिले में धान की खरीद शनिवार से बंद हो जाएगी। देखा जाए तो इस बार पिछले साल की अपेक्षा 20 हजार मीट्रिक टन अधिक धान की खरीद की गई है।
शासन ने इस बार धान की खरीद का लक्ष्य 1.95 लाख मीट्रिक टन निर्धारित किया था। इसके लिए जिले में पहले 95 धान खरीद केंद्र खोले गए थे, लेकिन बाद में इनकी संख्या बढ़ाकर 109 कर दी गई। धान खरीद का लक्ष्य हासिल करने के लिए इस बार भी विपणन शाखा, भारतीय खाद्य निगम, मंडी परिषद, यूपीएसएस, पीसीयू और पीसीएफ को लगाया गया था। धान खरीद की जिलाधिकारी द्वारा प्रतिदिन समीक्षा की गई, जिसका नतीजा ये रहा कि इस बार जिले में धान की खरीद पिछले साल जहां 1.95 मीट्रिक टन हुई थी वहीं इस बार अब तक करीब 2.09 लाख मीट्रिक टन की खरीद की जा सकी है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी राजीव कुलश्रेष्ठ का कहना है कि धान की खरीद 28 फरवरी से बंद हो रही है।जिलाधिकारी के दिशा निर्देशन में धान की खरीद की गई जिसके चलते इस बार विभाग धान खरीद का लक्ष्य हासिल करने में काफी हद तक सफल रहा।