बाराबंकी। जिले के 94 केंद्रों पर धान की सरकारी खरीद शनिवार 25 अक्तूबर से शुरू होगी। इसको लेकर सभी तैयारियां पूरी होने का दावा किया जा रहा है। इस बार धान की खरीद निर्धारित समय से एक सप्ताह पहले शुरू हो रही है। खरीद केंद्रों पर किसानों को किसी भी तरह की कोई असुविधा न होने पाए इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है। खरीद केंद्रों पर पहली बार आंखों से पहचान की व्यवस्था को भी लागू किया जा रहा है।
शासन ने इस बार धान खरीद का लक्ष्य 1.75 लाख मीट्रिक टन निर्धारित किया है। खरीद के लक्ष्य को पूरा करने के लिए विपणन शाखा के 45, पीसीएफ के 18, कृषि उत्पादन मंडी समिति के दो, पीसीयू के 20, यूपीएसएस के छह और भारतीय खाद्य निगम के तीन खरीद केंद्रों को संचालित किया जाएगा। इस बार जिले में 1.92 हजार हेक्टेयर पर किसानों ने धान की बोआई की है। उत्पादन भी बेहतर हुआ है। किसानों को उनकी उपज को वाजिब दाम मिले इसके लिए सरकार ने धान का समर्थन मूल्य 2369 रुपये निर्धारित किया है।
क्रय केंद्रों पर आने वाले किसानों को कोई असुविधा न होे इसके निर्देश सभी क्रय केंद्र प्रभारियों को दिए गए हैं। बिक्री के लिए धान लेकर आने वाले किसानों को किसी भी हालत में खरीद केंद्र से वापस नहीं किया जाएगा।
35 प्रतिशत फसल हो चुकी है तैयार
जिले में करीब 35 प्रतिशत धान की फसल तैयार हो चुकी है। इसे काटकर किसान घर भी ले आएं हैं। बाजार में धान के वाजिब दाम न मिलने के कारण किसान सरकारी खरीद शुरू होने का इंतजार करे रहे हैं। जिला खाद्य विपणन अधिकारी राजीव कुलश्रेष्ठ ने बताया कि जिले में 25 अक्तूबर से शुरू होने वाली धान की खरीद को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
,