बाराबंकी। खाद्य पदार्थों में मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए शनिवार से जिले में अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की प्रमुख सचिव अनीता सिंह ने शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेसिंग के दौरान एफएसडीए के अधिकारियों को आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए जिलाधिकारी से पहले से अनुमति ले ली जाए। एसडीएम से समन्वय बनाकर यह अभियान बड़े स्तर पर चलाया जाए।
प्रमुख सचिव ने कहा कि तहसील क्षेत्र में अभियान एसडीएम की अगुवाई में चलाया जाए। इसके लिए एसडीएम से समन्वय बनाने की सलाह दी। दीपावली के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री की सूचना मिलतने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एफएसडीए के प्रभारी अभिहीत अधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए डीएम से अनुमति लेकर शनिवार से अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ शिविर लगाकर खाद्य कारोबारियों के लाइसेंस भी बनाए जाएंगे।