दरियाबाद (बाराबंकी)। रेलवे क्राॅसिंग पर दीवार बनाकर गेट बंद करने की बात सुनते ही ग्रामीण भड़क गए। ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। लेकिन रेलवे ने गेट बंद करने के मामले को अफवाह बताते हुए कहा कि मामला फर्जी है। किसी ने अफवाह उड़ाई है। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए।
दरियाबाद स्टेशन के निकट बालाजी मंदिर के पास रेलवे क्राॅसिंग संख्या 155 (सी) पर सोमवार को नींव खोदी गई। क्रॉसिंग गेट पर दीवार बनाए जाने की सूचना पर सोमवार को क्षेत्र के जेठौती कुर्मियान गांव के नरेंद्र कुमार, जमुना प्रसाद, उदय प्रताप, नीरज, संतोष, यशपाल, राजू, अखिलेश, रामेश्वर, शैलेंद्र, स्वामी दयाल सहित बालाजी मंदिर के लोग क्रॉसिंग गेट पर पहुंच गए। लोग रेलवे विभाग द्वारा गेट बंद किए जाने का विरोध करने लगे। लोगों ने बताया कि रेलवे गेट बंद कर रहा है। इससे गांव के सैकड़ों किसानों समेत मंदिर, स्कूल, बाजार आने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
गांव के लोगों की सैकड़ों बीघा जमीन रेल पटरी के दूसरी तरफ है। किसानों को फसल तैयार करने सहित अन्य आवश्यक कार्य के लिए एक किलोमीटर दूर घूमकर जाना पड़ेगा। ग्रामीणों का करीब एक घंटे तक विरोध प्रदर्शन चलता रहा। स्टेशन अधीक्षक वेद प्रकाश मिश्र ने बताया कि गेट किसी भी कीमत पर बंद नही होगा। रेलवे की तरफ से गेट बंद करने का कोई आदेश नहीं है और न बंद किया जाएगा। इसके बाद जाकर ग्रामीण शांत हुए।