बाराबंकी। शहर के धनोखर सरोवर में बनाए गए चक्र का रविवार को लोकार्पण हुआ और व्यास गद्दी की भूमि का पूजन किया गया। खाद्य रसद एवं नागरिक आपूर्ति राज्यमंत्री सतीश शर्मा व सांसद उपेंद्र रावत कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में शंख ध्वनि से माहौल भक्तिमय हो गया।
नगर के धनोखर तालाब का सौंदर्यीकरण सीतापुर स्थित मिश्रिख चक्र तीर्थ की तर्ज पर किया जा रहा है। इसमें करीब ढाई करोड़ का खर्च आ रहा है। दो करोड़ रुपए खर्च किए जा चुके हैं, काम अभी जारी है। सरोवर के बीच में चक्र बनाया गया है। रविवार को यहां आयोजित कार्यक्रम में राज्यमंत्री सतीश शर्मा व सांसद उपेंद्र रावत ने प्रतीकात्मक चक्र फेंककर सरोवर के चक्र का लोकार्पण किया।
मौके पर सरोवर में बनने वाली व्यास गद्दी का भूमि पूजन भी किया गया। राज्यमंत्री व सांसद ने सरोवर के विकास के लिए नगर पालिका अध्यक्ष शशि श्रीवास्तव व पूर्व अध्यक्ष रंजीत बहादुर श्रीवास्तव की सराहना की। भाजपा की जिला प्रभारी एवं प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा ने कहा कि कभी यह तालाब गंदगी का शिकार हुआ करता था। आज इसकी भव्यता देखने लायक है। मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, जिलाध्यक्ष शशांक कुसमेश, सुधीर कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।