बाराबंकी। शिक्षक टीईटी से छूट की मांग को लेकर शिक्षक की पाती अभियान चला रहे हैं। इस अभियान के तहत शिक्षक राष्ट्रपति, मुख्य न्यायाधीश और प्रधानमंत्री को पोस्टकार्ड भेज रहे हैं। अखिल भारतीय संयुक्त शिक्षक महासंघ ने इस कार्यक्रम को पूरे प्रदेश में एक सप्ताह और आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है।
महासंघ के राष्ट्रीय संयोजक सुशील कुमार पांडे के नेतृत्व में जिला पंचायत परिसर स्थित कार्यालय में पदाधिकारियों ने समीक्षा बैठक आयोजित की। प्रदेशीय संयोजक अरुणेंद्र वर्मा ने बताया कि आरटीई लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर टेट लागू करने से असंतोष है। इसी के विरोध में शिक्षक विभिन्न विकासखंडों में टीईटी मुक्ति मोर्चा के अंतर्गत अभियान चला रहे हैं। शिक्षक अपने पत्रों के माध्यम से अपनी मांगों से अवगत करा रहे हैं। वे टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग कर रहे हैं। बैठक में जिला संयोजक धर्मेंद्र कुमार वर्मा, अटेवा जिलाध्यक्ष अमित वर्मा, दिलीप तिवारी सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे।
सिद्धौर ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय में संकुल शिक्षक संजय कुमार और राजेश कुमार सोनी ने राष्ट्रपति के नाम पोस्टकार्ड लिखे। फतेहपुर ब्लॉक में भी शिक्षक की पाती कार्यक्रम का आयोजन ब्लॉक संसाधन केंद्र में हुआ। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. राकेश सिंह, दिनेश मौर्य, भानु मिहिर और अनवार अहमद, डॉ. बनवारी लाल, अनिल रावत और मनोज चौधरी आदि मौजूद रहे।