यूपी के बाराबंकी में रामनगर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। जबकि उसका साथी फरार हो गया। पुलिस का दावा है कि पकड़े गए अपराधी ने कुछ दिन पहले रामनगर क्षेत्र में चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार शनिवार रात स्वाट, सर्विलांस व रामनगर के प्रभारी निरीक्षक की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान सुढ़ियामऊ से रामनगर रोड पर मनौरा गांव के पास एक बाइक से दो व्यक्ति एक गैस सिलिंडर लादकर आते हुए दिखाई दिए।
बदमाश के पैर में गोली लग गई
पुलिस ने रोकने का प्रयास किया गया तो एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश की पहचान रामनगर कोतवाली क्षेत्र के गणेशपुर गांव निवासी अदनान खान के रूप में हुई। इसके पास से तमंचा बरामद किया गया।
तलाश के लिए पुलिस टीम गठित
अदनान खान के विरुद्ध बाराबंकी व लखनऊ में एक दर्जन से अधिक केस दर्ज हैं। कुछ दिन पहले इसी बदमाश ने अपने साथियों के साथ रामनगर क्षेत्र में कई गुमटियों का ताला तोड़कर चोरी की थी। पूछताछ में अदनान ने बताया कि फरार हुआ व्यक्ति उसका साथी अर्जुन है। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि अर्जुन की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है।