कोटवाधाम (बाराबंकी)। कार्तिक पूर्णिमा पर कोटवाधाम में लगने वाले प्रसिद्ध पांच दिवसीय मेले की शुरुआत हो गई है। पूर्णिमा के अवसर पर कोटवाधाम में करीब एक लाख श्रद्धालुओं ने अभरण सरोवर में आस्था की डुबकी लगाई और स्वामी जगजीवन दास की ड्योढ़ी पर माथा टेका। मेले में गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, सीतापुर, श्रावस्ती, लखनऊ, सुल्तानपुर, अमेठी, अयोध्या, लखीमपुर से श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे।
पवित्र अभरण सरोवर में स्नान के बाद प्रसाद चढ़ाने के लिए पूरे दिन श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। मंदिर परिसर बाबा के जयकारों से गूंजता रहा। बड़ी गद्दी के महंत निलेंद्रबख्श दास ने बताया कि मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है। बड़ी संख्या में भक्तों ने अंजुरी में धान दानकर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
उधर, मेले में इस बार गर्म कपड़ों की सेल लगी हुई है, जिसमें बच्चोंं, महिलाओं व पुरुषों के लिए सस्ते दामों पर जैकेट, सदरी, कोटी मिल रहे हैं। श्रद्धालुओं ने खूब खरीदारी की। वहीं मीना बाजार में महिलाओं ने सौंदर्य सामग्री की जमकर खरीदारी की। वहीं पशुबाजार में मेले के पहले दिन ही यहां पर 200 से ज्यादा पशुओं की बिक्री हुई। बदोसराय पुलिस द्वारा मेला कोतवाली के पास ही खोया-पाया केंद्र बनाया गया है, जिसमें मेले में भूले भटके लोगों को परिजनों से मिलाया गया। पहले दिन करीब 215 बच्चों, बुजुर्गों व महिलाओं को उनके परिजनों से मिलाया गया। भारी भीड़ के चलते क्षेत्र के मोबाइल फोन में पूरे दिन नेटवर्क की दिक्कत रही।