कोठी थानाक्षेत्र में हैदरगढ़ मार्ग पर सोमवार देर रात एक कार सवार ने दो बाइकों में टक्कर मार दी। इस हादसे में जहां बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई वहीं कार सवार युवक व उसके साथ जा रही महिला व एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
कोठी थानाक्षेत्र के सादुल्लापुर गांव निवासी किराना व्यापारी संतसरन (36) सोमवार की देर रात दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहे थे। तभी हैदरगढ़ मार्ग पर पूरेरुद्रगांव के पास कार सवार ने इनकी बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में व्यापारी की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं इसी कार ने दूसरी बाइक से जा रहे पहाड़ापुर गांव निवासी ननकू को भी टक्कर मार दी। इसके बाद कार सड़क किनारे पलट गई। हादसे में बाइक सवार ननकू, कार चला रहे हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के रौनी गांव निवासी सोनू व उसके साथ जा रही एक महिला घायल हो गई। लोगों ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया।