बाराबंकी। शहर कोतवाली क्षेत्र में जैदपुर रोड पर रविवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रक ने एक गल्ला विक्रेता को रौंद दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने जमकर हंगामा काटा। पुलिस आक्रोश के बीच शव को पोस्टमार्टम हाउस लेकर आई। ट्रक बरामद करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के वाजिदपुर गांव निवासी प्रेमशंकर (65) शहर के नबीगंज में किराए का कमरा लेकर रहता था। वह साइकिल से दाल व अन्य अनाज को गांव-मोहल्लों में बेचने का काम करता था। रविवार को शहर के पल्हरी चौराहे से जैदपुर जाने वाली रोड पर ओवरब्रिज के पास शहर की ओर से आ रहे ट्रक ने बुजुर्ग को रौंद दिया। इसमें बुजुर्ग की मौत हो गई।
हादसे के बाद ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस पहुंची तो ग्रामीण नो इंट्री में ट्रक घुसने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। इस दौरान बाराबंकी-जैदपुर मार्ग करीब एक घंटे तक बाधित रहा। पुलिस ने आक्रोश के दौरान ही बुजुर्ग के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। सूचना मिलने के बाद गांव से परिवारीजन भी पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रेमशंकर अविवाहित था। कोतवाल ने बताया कि ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
सड़क हादसे में घायल युवक की मौत
जैदपुर। जैदपुर थाना क्षेत्र में दो दिन पहले सड़क हादसे में घायल हुए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। अहिरनपुरवा मजरे बलछट गांव निवासी राहुल (32) दो दिन पहले बाराबंकी-जैदपुर मार्ग पर एक वाहन की टक्कर से घायल हो गया था। शहर के एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। जहां उसकी मौत के बाद परिजन शव लेकर थाने पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाकर मामले की जांच शुरू की है। संवाद
आमने-सामने भिड़ीं बाइक, एक जख्मी
सिरौलीगौसपुर। बदोसराय-दरियाबाद मार्ग पर कसरैला गांव के पास दो बाइकों की रविवार की शाम आमने-सामने की टक्कर हो गई। इसमें एक बाइक सवार घायल हो गया। उसे सीएचसी सिरौलीगौसपुर में भर्ती कराया गया। बाइक सवार मरकामऊ निवासी साहिल को गंभीर चोटें आई। संवाद