कोठी (बाराबंकी)। सड़क निर्माण में लगे पानी टैंकर ने एक बुजुर्ग महिला को कुचला दिया। इसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से नाराज पास के ग्रामीणों ने सड़क जाम कर घंटों प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोठी थाना क्षेत्र में केसरगंज मार्ग पर शनिवार की दोपहर पोराई गांव निवासी शोभाराम की पत्नी रूपरानी (60) खेत में गेहूं काटकर घर जा रही थी। वह सड़क पार कर रही थी। तभी सड़क निर्माण में लगा एक टैंकर किनारे पड़ी गिट्टियों में पानी डाल रहा था जिसकी चपेट में आकर महिला की मौत हो गई।
इस हादसे की सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने रोड पर एकत्र होकर प्रदर्शन करने लगे और मामले में कार्रवाई व आर्थिक सहायता देने पर अड़ गए। सूचना पर पहुंचे एसओ रितेश कुमार पांडेय ने तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद विधिक कार्रवाई व आर्थिक सहायता दिलाने के आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन खत्म कर दिया। एसओ ने बताया कि सड़क दुर्घटना के बाद ग्रामीण रोड पर प्रदर्शन कर रहे थे, आश्वासन पर प्रदर्शन समाप्त कर दिया।