हैदरगढ़ (बाराबंकी)। जीओ केबिल के लिए नाली खोद रहे मजदूर की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। बचाने दौड़ा चचेरा भाई भी करंट लगने से झुलस गया। मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की है।
हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के शुकलनपुरवा मजरे गांव निवासी अरुण रावत (23) बाराबंकी मार्ग पर जीओ केबिल बिछाने के लिए मालिनपुर गांव के पास नाली खोद रहा था। सड़क किनारे पड़े बिजली के तार की चपेट में आने से करंट लगने पर झुलसकर मौत हो गई। शोर सुनकर दौड़ा इनका चचेरा भाई कुलदीप करंट से झुलसकर घायल हो गया जिसे साथी मजदूरों के सहयोग से अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, वहां मौजूद एक ढाबा से केबिल द्वारा पंक्चर बनाने वाले की गुमटी को बिजली कनेक्शन दिया गया है। केबिल कटी होने से बिजली करंट लगा है। इस बारे में पावर कॉर्पोरेशन के अधिशाषी अभियंता सत्येंद्र पांडेय ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। उप खंड अधिकारी से मौके की जांच कराकर नियम विरुद्ध तरीके से कनेक्शन जलाते मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।