बाराबंकी। कोरोना संक्रमण जिले में बेकाबू होता जा रहा है। बुधवार को इसकी चपेट में आकर एक वृद्ध की मौत हो गई जबकि 23 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद सभी को होम आइसोलेट कराया गया है। इसके साथ ही कोरोना गाइडलाइन के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश चिकित्सकों की टीम को दिए गए हैं।
कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए कांटेक्ट ट्रेसिंग के लिए 25 टीमों को लगाया गया है जो संक्रमितों के संपर्क में आने वालों की बराबर जांच कर रही हैं। वहीं टीकाकरण के बाद जिलाधिकारी कैंप कार्यालय में तैनात वैयक्तिक सहायक समेत 23 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं जिन्हें होम आइसोलेट कराया गया है लेकिन इसके बाद भी लोग सुधर नहीं रहे हैं और न ही कोरोना गाइडलाइन का पालन कर रहे हैं।
रामनगर क्षेत्र के किन्हौली गांव निवासी आनंद कुमार शास्त्री (60) की हालत गंभीर होने पर परिवारीजनों ने उन्हें 25 मार्च को लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। परिवारीजनों ने बताया कि 26 मार्च को चिकित्सकों ने कोरोना जांच कराई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
इस पर उन्हें बक्शी का तालाब स्थित एक कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां पर मंगलवार को उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची चिकित्सकों की टीम ने भैंसाकुंड में अंतिम संस्कार करा दिया। परिवारीजनों ने बताया कि जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद परिवार के सभी सदस्यों ने खुद को होम क्वारंटीन कर लिया है।
बुधवार देरशाम आई जांच रिपोर्ट के अनुसार जिले में 23 और कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट के अनुसार सभी को होम आइसोलेट कराया गया है। इसके साथ ही संक्रमितों के इलाके में प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश चिकित्सकों की टीम को दिए गए हैं। कोरोना के मामले भले ही लगातार बढ़ रहे हों लेकिन लोग सुधर नहीं रहे हैं। इसके अलावा सरकारी कार्यालयों में भी कोरोना नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है।
सीएमओ ने बताया कि जिले में कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए कांटेक्ट ट्रेसिंग के लिए पहले जहां 15 टीमें लगाई गई थी वहीं इनकी संख्या बढ़ाकर 25 कर दी गई है। टीमों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि जितने भी लोग संपर्क में आए हैं, उनकी जांच कराई जाए और पॉजिटिव पाए जाने पर होम आइसोलेट कराते हुए कोरोना प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सीएमओ डॉ. बीकेएस चौहान ने बताया कि रामनगर क्षेत्र के किन्हौली गांव में कोरोना से मौत की जानकारी मिली है। चिकित्सकों की टीम को गांव भेजकर परिवार के अन्य सदस्यों को होम क्वारंटीन कराते हुए कोरोना गाइडलाइन के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं। इसके अलावा जो लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं उन्हें होम आइसोलेट करा दिया गया है।