जैदपुर (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र जैदपुर में अलग-अलग हुए दो सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि दंपती समेत तीन लोग गंभीर घायल हो गए। हादसे के बाद एक जेसीबी चालक व बाइक सवार के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
जैदपुर थाना क्षेत्र के अजपुरा गांव निवासी तुलसीराम (46) मंगलवार देर रात बाइक से जैदपुर की तरफ जा रहे थे। निजामपुर गांव की पुलिया के पास सामने से आ रहे दूसरे बाइक सवार से उनकी भिड़ंत हो गई। घायल तुलसीराम को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के भतीजे सरोज कुमार की सूचना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
वहीं, मंगलवार की रात करीब 11 बजे रहीमाबाद सतावा गांव निवासी राजू, इनकी पत्नी सुनीता देवी व बेटे रवि बाइक से घर लौट रहे थे। जैदपुर के मोहल्ला वसीनगर में जेसीबी से निकले पाइप से बाइक टकरा कर अनियंत्रित हो गई। इससे बाइक सवार दंपती व उनका पुत्र गिरकर गंभीर घायल हो गए। एंबुलेंस न पहुंचने पर कुछ लोगों ने निजी कार से उन्हें जैदपुर सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। बाइक चालक हेलमेट लगाए हुए था।
एसएचओ संतोष कुमार सिंह ने बताया कि जेसीबी चालक व मालिक के साथ निजामपुर की घटना में अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।