सूरतगंज (बाराबंकी)। महादेवा जा रहे श्रद्धालुओं के जत्थे के बगल से गुजरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली तीन बच्चों को टक्कर मारते हुए निकल गई। घायल बच्चों को सीएचसी ले जाया गया जहां एक बच्चे को परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया गया। जबकि दो अन्य की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। दुर्घटना में इकलौते पुत्र की मौत से परिवार में कोहराम है।
घटना रविवार रात करीब डेढ़ बजे मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस ट्रैक्टर-ट्रॉली व चालक की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। मोहम्मदपुर खाला थाना के उतरावां गांव निवासी सुशील, राकेश व अनूप के परिवार के करीब बीस लोग रविवार देर रात गांव से पैदल ही रामनगर कोतवाली क्षेत्र में स्थित महादेवा में जलाभिषेक व पूजा अर्चना के लिए निकले थे। जत्थे में शामिल लोगो के अनुसार रामनगर क्षेत्र के रानीगंज भुंड गांव के आगे पहुंचते ही, पीछे से आए एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सड़क किनारे चल रहे तीन बच्चों को टक्कर मार दी। इसके बाद चालक अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।
जत्थे में शामिल लोगों ने सड़क पर गिरकर घायल बच्चों को देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल सुशील कुमार के पुत्र अमन कुमार (12), राकेश की पुत्री पम्मी (12) व अनूप के पुत्र मुकेश (9) को एंबुलेंस से सीएचसी सूरतगंज भिजवाया। जहां परीक्षण के बाद डॉक्टर ने अमन को मृत घोषित कर दिया। अन्य दो बच्चों का इलाज करने के बाद उन्हे खतरे से बाहर बताकर घर भेज दिया गया। पुलिस रास्ते की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ट्रैक्टर चालक को तलाश रही है।