हैदरगढ़ (बाराबंकी)। भिटरिया के लिए बस का एक फेरा शुरू किए जाने के साथ लखनऊ से आवागमन के लिए कैसरबाग व हैदरगढ़ डिपो की एक-एक बस बढ़ाई गई है। अमर उजाला में बस सिर्फ एक, यात्री 10 हजार, घंटों इंतजार शीर्षक से समाचार प्रकाशित होने के बाद अधिकारी जागे और सुधार की शुरुआत हुई है। हैदरगढ़ डिपो की बसों के स्टेशन से होकर निकलने पर ही यात्रियों को पूरी सुविधा मिलेगी।
हैदरगढ़ डिपो के बस स्टेशन का निर्माण होने के बाद भी यात्रियों कोे सुविधा नहीं मिल रही है। राज्यमंत्री व विधायक की सिफारिश पर चलाई गई भिटरिया, दरियाबाद, टिकैतनगर बस सेवा चार महीने से बंद है तथा लखनऊ के लिए उपनगरीय डिपो की बस बंद करने के बाद चलाई गई। कैसरबाग डिपो से बस भी लगातार कम होेती गईं और हालात यहां तक पहुंच गए कि कैसरबाग की मात्र एक बस ही दो फेरा लगा रही थी। ऐसे में आवागमन करने वाले करीब 10 हजार यात्री हाईवे के मुख्य चौराहे पर साधन भटकते रहते हैं।
खबर प्रकाशित होने के बाद हरकत में आए विभाग ने रायबरेली डिपो की बस का स्टापेज रामसनेहीघाट के भिटरिया तक बढ़ा दिया है। यह बस दिन में करीब ढाई बजे रायबरेली से आकर स्टेशन से भिटरिया तक जाएगी और फिर वापस इसी रूट से रायबरेली जाएगी। लखनऊ के लिए कैसरबाग डिपो की बसों की संख्या एक से दो हो गई है तथा एक हैदरगढ़ डिपो की बस हैदरगढ़ से लखनऊ चारबाग के चार फेरा तथा दो फेरा लखनऊ से जगदीशपुर तक लगाएगी। वहीं, हाईवे से लखनऊ से अमेठी सुल्तानपुर तक चलने वाली हैदरगढ़ डिपो की बसें चौराहे से सीधे निकल जाती हैं। इन बसों के हैदरगढ़ स्टेशन पर इंट्री अनिवार्य किए जाने से समस्या का काफी हद तक समाधान हो सकता है।