बाराबंकी। कुर्सी थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी के अपहरण और दो लोगों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस की गंभीर लापरवाही सामने आई है। शुरुआती स्तर पर केवल अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर मामले को हल्का दिखाने वाली पुलिस अब दबाव बढ़ने के बाद हरकत में आई है। फिलहाल एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, जबकि तीन फरार हैं।
रविवार को कुर्सी थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी खेत जाने के लिए निकली थी। नहर के पास से वह अचानक लापता हो गई। किशोरी के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है और वह अपने भाई-बहनों के साथ रहती है। परिजनों द्वारा सूचना दिए जाने के बावजूद पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई और खोजबीन में अपेक्षित तत्परता नहीं बरती। सोमवार को किशोरी गांव के पास ही एक मजार के समीप रोते हुए मिली, लेकिन इसके बाद भी पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को नजरअंदाज किया। किशोरी ने चार में से दो युवकों द्वारा दुष्कर्म की बात कही। इसकी जानकारी हिंदू संगठनों को हुई।
किशोरी के बयान के आधार पर अरमान समेत चार युवकों के खिलाफ धाराएं बढ़ाई गईं। मंगलवार को मुख्य आरोपी अरमान को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। अन्य तीन आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने किशोरी का बयान अदालत में दर्ज करा दिया है। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है।
..................