बाराबंकी। तमाम कोशिश के बाद भी जिले के ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था पटरी पर आने का नाम नहीं ले रही। इसके चलते ही लाइन फॉल्ट व ट्रांसफार्मर फुंकने के कारण 215 गांव क्षेत्र में अघोषित बिजली संकट से करीब डेढ़ लाख की आबादी को घंटों परेशानी उठाना पड़ी।
रामसनेहीघाट पावर कारपोरेशन के कोटवाधाम उपकेंद्र पर सरायदुनौली उपकेंद्र पर सोमवार रात मेन लाइन ब्रेक डाउन हो गई। इससे 65 गांव क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बाधित रही। पूरी रात बिजली गुल रहने से लोग उमस भरी गर्मी में जागने को विवश रहे। दरियाबाद ग्रामीण क्षेत्र के 40 गांव और सराय दुनौली के बिबियापुर, अगानपुर, पत्तीपुर, सनावा समेत 60 गावों में चार घंटे ही बिजली मिल सकी। इससे करीब डेढ़ लाख से ज्यादा आबादी को बिजली संकट से जूझना पड़ा। एसडीओ राजवीर सिंह ने बताया फाल्ट दुरुस्त कराकर बिजली आपूर्ति शुरू करा दी गई है।
कोटवासड़क क्षेत्र के बड़ेला, नारायणपुर, मोहम्मदपुर, कीरत सादुल्लापुर सहित 50 गांवों में 18 घंटे तक अंधेरा छाया रहा। मसौली कस्बे में 11 हजार केवी के तार बदले जा रहे हैं। इससे बीते तीन दिन से दस हजार आबादी क्षेत्र के लोगों को बिजली संकट से जूझना पड़ रहा है।