फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Barabanki News: पतंजलि, टाटा के रैपरों में पैक हो रहा था तेल व नमक

Fri, 08 Aug 2025 01:12 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बाराबंकी
विज्ञापन
विज्ञापन
बाराबंकी। पतंजलि और टाटा के रैपरों में घटिया गुणवत्ता का नमक और सरसों का तेल पैक कर बेच कर मोटा मुनाफा कमाया जा रहा था। इसका खुलासा मसौली स्थित एक गोदाम पर बृहस्पतिवार को एफएसडीए की टीम द्वारा की गई कार्रवाई में हुआ। जांच टीम ने मौके से मिला 105 लीटर खुला सरसों का तेल व पांच क्विंटल खुला नामक जब्त करने के साथ गोदाम को सील करने की कार्रवाई की। इसके साथ ही अलग-अलग स्थानों ने नौ खाद्य सामग्री के नमूने लेकर उन्हें लैब जांच के लिए भेजा है।
विज्ञापन

शिकायत के आधार पर सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. शैलेंद्र प्रताप के नेतृत्व में एफएसडीए की टीम ने बृहस्पतिवार को मसौली में एक लॉन के निकट संचालित गोदाम की जांच की। जांच में पता चला कि यह गोदाम मनोज वर्मा के नाम है। लेकिन पूरा कारोबार रवि चौरसिया निवासी चौरीचौरा द्वारा किया जाता है। सहायक आयुक्त ने बताया कि जांच के दौरान मौके पर 105 लीटर खुला सरसों का तेल बरामद किया गया। इसे पतंजलि और फारच्युन के रैपरों में पैक किया जा रहा था। यहीं नहीं एक्सपायर सरसों के तेल को भी बिक्री के लिए नई बोतलों में पैक किया जा रहा था। मौके पर एक क्विंटल खुला नमक भी पंतजलि व टाटा के रैपरों में पैक किया जाता मिला।
टीम को मौके से हार्पिक की खाली और भरी बोतलें, दो टिन बोतलों में भरा जाने वाला रसायन, पतंजलि ब्रांड का दंतकांति टूथपेस्ट के रैपर भी भारी मात्रा में मिले। साथ ही फेवीकोल के भरे व खाली टयूब, यूथ ब्रांड की फेस क्रीम भी मिली। गोदाम में मौजूद संचालक मौके पर मौजूद सामग्री से जुड़ा कोई अभिलेख नहीं दिखा सका।
विज्ञापन

टीम ने गोदाम को सील करते हुए संबंधित कंपनियों के प्रतिनिधियों को भी इसकी सूचना दी। इसके साथ ही रक्षाबंधन पर मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री रोकने के लिए संचालित कार्रवाई के तहत अलग-अलग इलाकों में संचालित दुकानों का निरीक्षण कर वहां बिक रहे पेड़ा, सोन पापड़ी, बेसन लड्डू, पनीर समेत नौ सामग्रियों के नमूने भी जांच के लिए लैब भेजे। आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर तय होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें