बाराबंकी। यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों की धरपकड़ के लिए बृहस्पतिवार को जिला प्रशासन, एआरटीओ व पुलिस की संयुक्त टीम ने सघन जांच अभियान चलाया। जांच के लिए सड़क पर उतरे एसडीएम व एआरटीओ ने खुद मोर्चा संभालते हुए सिरौलीगौसपुर क्षेत्र में जगह-जगह बैरियर लगाकर वाहनों की जांच के साथ ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले 21 वाहन चालकों का चालान काटने की कार्रवाई की।
अभियान के दौरान बिना पंजीकरण के फर्राटा भर रही तीन ट्रैक्टर-ट्राली को भी पकड़ कर जब्त करने के बाद थाने भेज दिया गया। चेकिंग अभियान को देखते ही कई वाहन चालक बचने के लिए रास्ता बदल कर जाते दिखे। इसे देखकर पीटीओ रविचंद्र त्यागी ने मुख्य मार्ग से सटे संपर्क मार्गों पर भी पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी।
सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कराने व बढ़ते सड़क हादसों पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह जांच अभियान डीएम के निर्देश पर चलाया गया। एसडीएम प्रीति सिंह ने बाइक सवारों को हेलमेट पहनने और कार चालकों को सीट बेल्ट लगाने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि सड़क पर लापरवाही से जिंदगी दांव पर लगती है, इसलिए नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। एआरटीओ अंकिता शुक्ला ने बताया कि वाहनों की जांच पड़ताल से जुड़ा यह अभियान लगातार संचालित होगा।