कोटवाधाम (बाराबंकी)। सतनाम संप्रदाय के आदि प्रवर्तक समर्थ स्वामी जगजीवन साहब की तपोस्थली कोटवाधाम में सोमवार को वैशाख पूर्णिमा पर आस्था का जनसैलाब उमड़ा। दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर गुड़-धनिया चढ़ाकर सुख-समृद्धि की कामना की।
बदोसराय क्षेत्र स्थित कोटवाधाम में हर पूर्णिमा को मेला लगता है, लेकिन वैशाख पूर्णिमा पर यहां विशेष आयोजन होता है। यह पूर्णिमा खरीफ की फसल की तैयारी के समय पड़ती है। मान्यता है कि वैशाख पूर्णिमा के दिन हनुमान जी का वास कोटवाधाम में होता है। यहां के संत जसकरन दास साहब द्वारा अयोध्या में हनुमान जी को अपने हाथों से लड्डू खिलाए जाने की घटना के बाद से ऐसी मान्यता बनी है। इसी कारण इस दिन गुड़-धनिया चढ़ाकर उसे बंदरों को अर्पित किया जाता है।
कोटवाधाम में भोर पहर से ही मंदिर के कपाट दर्शन के लिए खोल दिए गए। श्रद्धालुओं ने पवित्र सरोवर में आचमन कर मंदिर की चौखट पर माथा टेका। गर्मी व तपिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई। मंदिर परिसर की टाइल्स दोपहर में तपने लगीं, जिसके बाद मैट बिछाकर दर्शन की व्यवस्था कराई गई। इस दौरान जिले के साथ ही गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती सहित आसपास के जिले के लोग भी काफी संख्या में यहां दर्शन पूजन करने के लिए पहुंचे। छोटी गद्दी के महंत विशाल दास ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत सीओ रामनगर गरिमा पंत ने मेला का भ्रमण किया। चौराहे से मंदिर तक पुलिस और पीएसी बल तैनात रही।
संदिग्धों से की गई पूछताछ
कोटवाधाम मेला में पिछली पूर्णिमा को दो महिलाओं की चेन चोरी होनी की घटना के दृष्टिगत सोमवार को पुलिस सतर्क रही। आधा दर्जन संदिग्ध लोगों को पुलिस ने पकड़कर पूछतांछ की। बदोसराय कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि मेला में जिनकी गतिविधियां संदिग्ध ली उनसे पूछताछ की गई।