बाराबंकी। यूपी बोर्ड 2026 के बच्चों को मिलने वाली स्मार्ट मार्कशीट में 16 सेफ्टी फीचर शामिल किए गए हैं। मार्कशीट पर लगा मोनोग्राम रंग बदलकर अपने असली होने का प्रमाण देगा। इसके क्यूआरकोड को स्कैन करते ही सत्यापन भी होगा। इतना ही नहीं, मार्कशीट न गलेगी न फटेगी, ऐसी कोडिंग भी होगी।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने 2026 में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा पास करने वाले विद्यार्थियों को पहली बार स्मार्ट मार्कशीट देगा। सुरक्षा और स्थायित्व को लेकर मार्कशीट में कई बड़े बदलाव किए गए हैं। अब मार्कशीट ना फटने वाली, ना गलने वाली जैसे सिक्योरिटी फीचर्स में होलोग्राम और रेनबो प्रिंटिंग से लैस होगी।
यह ए फोर आकार की होगी। इसका विशेष मोनोग्राम धूप में रंग बदलेगा। इस पर ओवरराइटिंग या छेड़छाड़ नहीं की जा सकेगी। इतना ही नहीं मार्कशीट पर खास मोनोग्राम धूप में लाल रंग का दिखाई देने से असली और नकली होने की पहचान कराएगा। डिजिटल और स्मार्ट कोडिंग होने के साथ स्मार्ट डॉक्यूमेंट का काम करेगी।