जिलाधिकारी की अध्यक्षता में डीआरडीए के गांधी सभागार में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा हुई। जिसमें डीएम ने 29 मई को पल्स पोलियो अभियान 07 जून से 14 जून तक चलने वाले मिशन इंद्रधनुष कार्यक्रम और 8 जून से 8 जुलाई तक चलने वाले बाल पोषण माह की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने चार सीएचसी प्रभारियों को नोटिस जारी करते हुए जवाब तलब किया है।
डीएम अजय यादव ने तीनों कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए कहा कि इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। जिस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश चन्द्रा ने बताया कि 29 मई को बूथ दिवस, 30 मई से 3 जून तक घर-घर भ्रमण और 6 जून को बी टीम आयोजित की जाएगी। जिसके लिए आवश्यक पोलियो ड्रॉप का भंडारण किया जा चुका है।
पल्स पोलियो की जागरूकता पैदा करने के लिए 28 मई को स्कूली बच्चों की एक रैली केडी सिंह बाबू स्टेडियम से निकाली जाएगी। मिशन इंद्रधनुष कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए हेड काउंट के अनुसार ड्यूटी लिस्ट तैयार करा ली गई है। जिससे टीकाकरण कार्य सुचारू रूप से शत-प्रतिशत पूरा किया जा सके।
समीक्षा के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रामनगर, सूरतगंज, टिकैतनगर व सिरौलीगौसपुर की प्रगति खराब पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। इसी प्रकार सूरतगंज एवं रामनगर में नट डेरा आबादी मे खराब उपलब्धि के लिए चेतावनी दी गई है।
इस मौके पर डब्लूएचओ की डॉ. वंदना सिंह, यूनीसेफ की डॉ. आरती मिश्रा, जिला कार्यक्त्रस्म अधिकारी शारदा यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी पीएन सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी, समस्त अपर/उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, समस्त अधीक्षक/प्रभारी चिकित्सा अधिकारी आदि मौजूद थे।