बाराबंकी। नौ बार पत्र लिखने के बाद भी क्षेत्र में संचालित अमान्य विद्यालयों का ब्योरा उपलब्ध न कराने पर चार खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) को नोटिस दिया गया है। बीएसए संतोष देव पांडे ने नोटिस में लिखा कि इन अधिकारियों का आचरण स्वेच्छाचारी है और यह किसी भी दिशा में काम काज करने में सक्षम नहीं हैं।
बीएसए ने एक जुलाई 2025 को सभी 16 खंड शिक्षा अधिकारियों से निर्धारित प्रारूप पर फर्जी और अमान्य विद्यालयों के खिलाफ की गई कार्रवाई का ब्यौरा मांगा था। इसका पूरा विवरण शिक्षा निदेशक को 15 अगस्त तक भेजना था। इसके बावजूद सूरतगंज, सिरौलीगौंसपुर, निंदूरा और नगर क्षेत्र के खंड शिक्षा अधिकारियों ने क्षेत्र में संचालित अवैध स्कूलों के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी। इन अधिकारियों को नौ बार रिमांडर पत्र भी भेजा गया लेकिन इसका भी कोई जवाब नहीं दिया गया। इसे सरकारी काम काज में गंभीर लापरवाही मानते हुए बीएसए ने चारों बीईओ नोटिस भेजकर तत्काल स्पष्टीकरण मांगा है। इनके जवाब के आधार पर ही विभागीय स्तर पर आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई तय की जाएगी।