रालोद महासचिव ने रामनगर में जनसभा को संबोधित किया
- फोटो : अमर उजाला
राष्ट्रीय लोकदल के महासचिव जयंत चौधरी ने रामनगर विधानसभा क्षेत्र से चुनावी बिगुल फूंक दिया है। राष्ट्रीय महासचिव के निशाने सपा, बसपा और भाजपा रही। उन्होंने कहा कि इस विधानसभा क्षेत्र से उद्योग-धंधे खत्म हो गए और क्षेत्र की जनता को कुछ नहीं मिला। यहां की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को वोट न दें जो टिकट पैसों के बूते पर पाते हैं।
रालोद के राष्ट्रीय महासचिव सोमवार को रामनगर विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जनता को वोट देने का अधिकार है तो उसे सरकार के कामकाज का हिसाब रखने का भी अधिकार है। केंद्र हो या प्रदेश, दोनों सरकारों ने किसानों और मजदूरों के लिए कुछ नहीं किया।
उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को वोट न दें जो टिकट पैसों के बूते पर पाते हैं या खरीद-फरोख्त कर चुनाव जीत लेते हैं। इसके बाद वह जनता को भूल जाते हैं। इसलिए ऐसे व्यक्ति का चुनाव करें जो सुख-दुख में आपके साथ हो।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार को समाप्त करना है तो स्व. चौधरी चरण सिंह की विचारधारा पर चलना होगा और उनकी विचारधारा से जुडे़ लोगों का साथ देना होगा। प्रदेश में जब चरण सिंह की विचारधारा की सरकार बनेगी तभी प्रदेश से भ्रष्टाचार समाप्त होगा और किसानों तथा मजूदरों के हित में कार्य होगा।
उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र से उद्योग-धंधे खत्म हो गए लेकिन किसी सरकार ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। अब वक्त आ गया है कि जनता ऐसे लोगों से हिसाब मांगे और उन्हें इसका मुंहतोड़ जवाब भी दे। इस मौके पर राष्ट्रीय महासचिव मसूद अहमद, पूर्व मंत्री मुन्ना सिंह चौहान, पूर्व विधायक शिवकरन सिंह, अनिल दुबे, सुधाकर पांडेय, मनोज सिंह, राकेश कुमार सिंह मुन्ना, जिलाध्यक्ष अखिलेश वर्मा आदि मौजूद रहे।