बाराबंकी। कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में डीएम की अध्यक्षता में पावर कॉर्पोरेशन की समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने विभागीय अधिकारियों को विद्युत आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इसमें हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ईशान प्रताप सिंह ने मौसम की बदलती परिस्थितियों को देखते हुए कहा कि बाधित बिजली आपूर्ति को जल्द बहाल करने के लिए अधिकारी और कर्मचारी सतर्क रहें। उन्होंने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति करने, बिलिंग प्रतिशत निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने और विद्यालयों के ऊपर से गुजरने वाली बिजली लाइनों को प्राथमिकता के आधार पर समय से शिफ्ट करने पर विशेष जोर दिया, ताकि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
कहा कि जिले में चल रही निर्माणाधीन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में बिजली से जुड़ा काम समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।
बैठक में अधीक्षण अभियंता राजबाला, अधिशासी अभियंता समेत पावर कॉर्पोरेशन केे अधिकारी मौजूद रहे।