बाराबंकी। एआरटीओ ऑफिस में एसडीएम व सीओ की ओर से छापा मारकर गिरफ्तार किए गए कथित नौ दलालों को कोतवाली से नोटिस देकर छोड़ दिया गया। पुलिस का तर्क है कि अवैध वसूली में सात साल से कम सजा होने के कारण जेल नहीं भेजा गया, मगर अदालत में केस चलेगा। दलालों के पास से पुलिस ने करीब 23 हजार रुपये, नौ मोबाइल, दो वाहनाें की आरसी व तीन वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र बरामद किए।
एसडीएम सदर विजय कुमार त्रिवेदी व सीओ सिटी डॉ. बीनू सिंह ने शनिवार को एआरटीओ कार्यालय में छापा मारा था। इस दौरान 13 लोगों को हिरासत में लिया गया था। जांच के दौरान चार लोगों को छोड़ दिया गया, जबकि नौ के खिलाफ आम जनता को बरगलाकर व धमकाकर वसूली करने के आरोप में केस दर्ज किया गया था। इसे लेकर हड़कंप मचा रहा। एआरटीओ कार्यालय के बाबू भी कोतवाली में देर शाम तक जमे रहे।
शहर कोतवाल संजय मौर्य ने बताया कि जांच में पता चला कि इन लोगों की ओर से एआरटीओ कार्यालय में आने वाले लोगों से डीएल, रजिस्ट्रेशन फिटनेस प्रमाणपत्र आदि के नाम पर अवैध वसूली की जा रही थी। इस अपराध में सात साल से कम सजा होने के कारण नौ आरोपियों को नोटिस देकर कोतवाली से ही चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। मामला अदालत में चलेगा।