बाराबंकी। जमीन विवाद को लेकर बीते कई दिनों से देवा पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे राधे गुट के नौ किसानों को पुलिस ने जेल भेज दिया है। शहर कोतवाल पंकज सिंह ने बताया कि भारतीय किसान यूनियन राधे गुट के अध्यक्ष राधेलाल समेत नौ लोगों को शांतिभंग के तहत सोमवार को एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें चौदह दिन के लिए जेल भेजा गया है।
इन पर आरोप है कि यह भूमि विवाद के एक मामले को लेकर बीते कई दिनों से अपने कार्यकर्ताओं के साथ शहर के गन्ना कार्यालय में देवा पुलिस के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस का दावा है कि जिस मामले में यह प्रदर्शन कर रहे थे उसका निराकरण सही तरीके से किया जा रहा है, उसके बावजूद ये लोग नहीं मान रहे थे। इसी के चलते इन सभी को रविवार की देर रात गन्ना कार्यालय से हिरासत में लेकर जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।
वहीं सोमवार को जब संगठन के अन्य लोगों को पता लगा कि नौ लोग जेल भेजे गए है तो कई पुरुष व महिलाओं ने तहसील नवाबगंज के बाहर एकत्र होकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। इस दौरान पहुंची पुलिस ने सभी को हिरासत में लिया व कुछ लोगों को असंद्रा थाने तो महिलाओं को महिला थाने भेज दिया गया। हालांकि बाद में शाम को सभी को रिहा कर दिया गया है।