हैदरगढ़ । स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में प्रसव के दौरान नवजात शिशु की मौत हो गई। परिजनों ने स्टाफ नर्स पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस के पहुंचने के बाद मामला शांत हुआ। घटना की शिकायत कोतवाली में दर्ज कराई गई है, साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से भी शिकायत की गई है।
स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के निवासी मंशाराम साहू ने बताया कि उन्होंने अपनी पत्नी सुधा साहू को प्रसव पीड़ा होने पर मंगलवार की दोपहर करीब साढ़े 12 बजे सीएचसी हैदरगढ़ में भर्ती कराया था।अस्पताल में स्टाफ नर्स गीता यादव ने प्रसव के लिए पहले शाम छह बजे, फिर रात साढ़े 10 बजे का अनुमानित समय बताया, लेकिन उनकी बात सही नहीं निकली। रात करीब दो बजे प्रसूता की तबीयत ज्यादा बिगड़ी, तो नर्स गीता यादव अपने कक्ष में सोती रही और बुलाने पर भी नहीं उठी। दूसरी नर्स ने देखने के बाद कहा कि गर्भ में बच्चे की हालत सामान्य है। इसके बाद स्टाफ नर्स ने कुछ इंजेक्शन लगाए और जबरन प्रसव कराने लगी। परिजन का आरोप है कि लापरवाहीपूर्वक प्रसव कराए जाने के कारण नवजात का गला फंसने से मौत हो गई। सीएचसी में ड्यूटी पर तैनात रहे ईएमओ डॉ. उमंग ने बताया कि जब वह मौके पर पहुंचे, तब तक नवजात की मौत हो चुकी थी, हालांकि प्रसूता (मां) की हालत सामान्य है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. जयशंकर पांडेय ने बताया कि सीएमओ ने मामले की जांच करने और दोषी के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
बॉक्स-
अवकाश पर स्त्रीरोग विशेषज्ञ
सीएचसी पर तैनात स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. मोनिका शुक्ला चाइल्ड केयर लीव पर हैं। सर्जन डॉ. उमंग ही महिलाओं का ऑपरेशन करते हैं। लेकिन सुधा साहू के मामले में उन्हें जानकारी नहीं दी गई। नार्मल प्रसव कराने की कोशिश में बच्चे की जान चली गई। सीएचसी अधीक्षक का कहना है कि बीते सप्ताह पांच गर्भवती महिलाओं का प्रसव ऑपरेशन से कराया। महिलाओं को ओपीडी में डॉ. माधवी सिंह देखती हैं। नर्स की लापरवाही की जांच कर कार्रवाई की बात भी सीएचसी अधीक्षक ने कही है।