दरियाबाद (बाराबंकी)। निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान बरती गई लापरवाही ने एक नवजात की जान ले ली। प्रसव बाद फिसल जाने के कारण नवजात फर्श पर गिर गया था। पूरा मामला सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने से हड़कंप रहा।
अस्पताल संचालक मामले को रफा दफा करने के लिए मृतक के परिवारीजनों की मान-मन्नौव्वल में जुटा है। देर शाम तक मृतक के परिजनों ने इस मामले को लेकर पुलिस में भी कोई तहरीर नहीं दी है। टिकैतनगर थाना क्षेत्र के विद्यानगर गांव निवासी महेश ने पत्नी पूनम को प्रसव के लिए दरियाबाद कस्बे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पूनम ने सामान्य प्रसव के दौरान दोपहर करीब 12 बजे एक पुत्र को जन्म दिया।
परिजनों का आरोप है कि प्रसव के बाद बरती गई लापरवाही के कारण बच्चा नर्स के हाथ से फिसल कर जमीन पर गिर गया। इससे सिर में चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह पूरा मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। हालांकि देर शाम तक मृतक नवजात के परिजनों ने कोई भी तहरीर पुलिस को नहीं दी है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित दुबे ने बताया इस मामले की जानकारी सोशल मीडिया से हुई है। शिकायत मिलने पर जरूरी कार्रवाई तय होगी।