देवा। कोतवाली क्षेत्र देवा के बिशुनपुर कस्बे के एक कमरे में संचालित क्लीनिक में प्रसव के दौरान नवजात की मौत हो गई। इस दौरान प्रसूता की भी हालत गंभीर हो गई। हालत बिगड़ने पर प्रसूता को सीएचसी देवा भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने प्रसूता को भी मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने सीएससी परिसर में हंगामा शुरू किया। पुलिस ने जच्चा-बच्चा के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जबकि कथित महिला चिकित्सक क्लीनिक बंद करके कहीं चली गई हैं।
देवा क्षेत्र के टीकापुर गांव निवासी करन के अनुसार मंगलवार को प्रसव पीड़ा होने पर उन्होंने पत्नी सुधा (22) को बिशनपुर कस्बे में संचालित क्लीनिक लेकर आया था। यहां देर शाम जब प्रसव के बाद नवजात की मौत हो गई और प्रसूता की हालत गंभीर होने लगी तो कथित महिला डॉक्टर ने प्रसूता को सीएचसी भेज दिया और खुद क्लीनिक बंद कर गायब हो गई। सीएचसी पर प्रसूता को भी चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और सीएचसी देवा परिसर में हंगामा करने लगे। देवा के कोतवाल अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर मिलते ही केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।