बाराबंकी। नववर्ष का पहला दिन उत्साह के साथ मनाया गया। सूर्योदय से पहले ही लोग शिवालयों और देवालयों में पहुंचे। मंदिरों में जलाभिषेक, चर्च में प्रार्थना और मस्जिदों में दुआ की गई। लाजपत नगर में अरदास के बाद कीर्तन दरबार सजाया गया।
शहर स्थित धनोखर मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ लगी रही। सतोखर तालाब के पास स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर, कैलाश आश्रम, नागेश्वरनाथ मंदिर में भक्तों की कतारें लगी रहीं। भक्तों ने जलाभिषेक कर बाबा का श्रृंगार किया और आशीष मांगा। श्री लोधेश्वर महादेव में नव वर्ष के पहले दिन आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने हर हर महादेव.. के जयकारों के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक कर मंगल कामना की।
साल के पहले दिन सोमवार होने की वजह से अलग-अलग हिस्सों से भारी संख्या में श्रद्धालु महादेवा पहुंचे थे। प्रशासन के आकड़ों के अनुसार करीब एक लाख श्रद्धलुओं ने जलाभिषेक किया। भीड़ के चलते रामनगर के केसरीपुर रेलवे क्रासिंग बंद होने से दोनों ओर एक किलो मीटर लंबा जाम लग गया। कड़ी मशक्कत के बाद जाम से राहत मिली। वहीं पारिजात धाम बरोलिया में पर्यटकों व श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही। उधर कोटवाधाम में समर्थ साई जगजीवन दास की तपोस्थली व कटेहरा देवी मंदिर पर भारी भीड़ रही।
काटा केक, ली सेल्फी, मचाया धमाल
लखपेड़ाबाग स्थित राम सेवक यादव स्मारक इंटर कॉलेज में नव वर्ष हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया। छात्र-छात्राओं ने कक्षाओं में आकर्षक साज-सज्जा के साथ केक काटा और खूब धमाल मचाया। घरों में भी लोगों ने केक काटा और खूब मस्ती की। फिल्मी तरानों पर बच्चे ही नहीं बड़े भी झूमते दिखाई दिए और सेल्फी भी ली।