बाराबंकी के जीजीआईसी में नीट से पहले बायोमीट्रिक जांच करवाते परीक्षार्थी। संवाद
बाराबंकी। जिले में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-2025) रविवार को सघन सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित परीक्षा के लिए जिले के सात केंद्रों पर कुल 2538 अभ्यर्थियों को पंजीकृत किया गया था। 50 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हो सके।
इस बार शहर के जीआईसी, जीजीआईसी, जमील-उर-रहमान गर्ल्स इंटर कॉलेज, राजकीय पॉलिटेक्निक जहांगीराबाद, जीआईसी जाटा बरौली और जीजीआईसी सतरिख को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा को लेकर इस बार प्रशासन ने अभूतपूर्व इंतजाम किए।
पहली बार तीन स्तर पर सुरक्षा घेरा तैयार किया गया था। सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती रही। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी लगातार निरीक्षण किया। दोपहर दो बजे से पांच बजे तक होने वाली परीक्षा को लेकर सुबह से ही अभ्यर्थियों का आना प्रारंभ हो गया था।
केंद्रों के बाहर पुलिस बल मुस्तैद रहा जबकि केंद्र सरकार की विशेष सुरक्षा एजेंसियों ने भी निगरानी की कमान संभाली। जीजीआईसी व जीआईसी में प्रत्येक परीक्षार्थी के चेहरे की पहचान के साथ बायोमीट्रिक जांच की गई। सघन तलाशी के बाद परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया।
परीक्षा की निगरानी केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाचार्य व नोडल अधिकारी राकेश वर्मा की देखरेख में हुई। एसडीएम आनंद तिवारी स्वयं पुलिस बल के साथ विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण करते रहे।