बाराबंकी। सूफी संत हाजी वारिस अली शाह की याद में लगने वाला देवा मेला कला और संस्कृति का वैभव बिखरने को तैयार है। आठ अक्तूबर से इसकी शुरुआत डीएम की पत्नी शैलजा त्रिपाठी परंपरागत फीता काटकर करेंगी और उसी शाम बिरहा की सुरमयी महफिल गूंजेगी।
मेले में इस बार ज्योति नूरान की सूफी नाइट दर्शकों को सूफियाना रंग में रंग देगी तो इंडियन आइडल फेम सलमान अली अपनी टीम के साथ मेगा नाइट में धमाल मचाएंगे। वहीं कवि सम्मेलन में नीलोत्पल मृणाल, गजेंद्र प्रियांशु, शंभू शिखर, विनीत चौहान, मणिका दुबे और कृति चौबे जैसी चर्चित आवाजें मंच पर गूंजेंगी।
कार्यक्रमों की श्रृंखला नौ अक्तूबर से 17 अक्तूबर तक लगातार चलेगी। हॉकी, कबड्डी और वॉलीबॉल जैसी खेल प्रतियोगिताओं से लेकर स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक आयोजन तक हर दिन कुछ नया देखने को मिलेगा। फूलों की होली, मानस मंचन, लोकगीत, दंगल और बेबी शो मेले को अलग ही रंग देंगे। 14 अक्तूबर की सूफी नाइट और 16 अक्तूबर की मेगा नाइट सबसे बड़े आकर्षण मानी जा रही हैं। वहीं 17 अक्तूबर को स्मारिका विमोचन और आतिशबाजी के साथ मेले का भव्य समापन होगा।
150 सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन से होगी निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह चौकस है। एएसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि मेले को पांच जोन और दो सेक्टर में बांटा गया है। करीब दो हजार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। 150 सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन लगातार मेले की गतिविधियों पर नजर रखेंगे।