दरियाबाद/मसौली। त्योहार के उल्लास के बीच दरियाबाद में घर के अंदर अलमारी का लॉकर तोड़कर चोर सोने का हार ले उड़े। वहीं मसौली क्षेत्र में चोरों ने दो घरों को निशाना बनाते हुए ताला तोड़कर 23 हजार की नकदी समेत लाखों के जेवर पार कर दिए। पुलिस छानबीन में लगी है।
दरियाबाद के अलियाबाद निवासी शिक्षक सिराज अहमद के मुताबिक शुक्रवार दोपहर हमलोग कमरे में गए तो अलमारी का सामान बिखरा देख चोरी की जानकारी हुई। बताया कि एक युवक मोहल्ले में एक सप्ताह से घूमता रहता था। कुछ महिलाओं ने उसे घर से भागते देखा है। जिसकी फोटो भी है। दरियाबाद के कोतवाल मनोज सोनकर ने बताया कि जानकारी नहीं है, पता करा रहे हैं।
वहीं, मसौली के धरौली के मजरे नई बस्ती निवासी सर्वेश कुमार के अनुसार शुक्रवार रात चोर दरवाजे का ताला तोड़कर जेवर उठा ले गए। गांव के ही दीपक के अनुसार उनके घर से 23 हजार की नकदी, सोने की माला आदि जेवरात चोरी हो गए। सुबह गांव से चार सौ मीटर की दूर खाली डिब्बे व थैलियां मिली। एसएचओ अमित प्रताप सिंह ने कहा जांच कर कार्रवाई होगी।