बाराबंकी। मां दुर्गा की उपासना का पर्व नवरात्र मंगलवार से शुरू हो रहा है। इसे लेकर जिले के देवी मंदिरों में जहां भीड़ उमड़ेगी, वहीं दुकानों भी सज गई हैं। अब नौ दिनों तक मातारानी की पूजा-अर्चना की जाएगी। इसे लेकर सोमवार को बाजार में जमकर खरीदारी हुई। इस दौरान कई स्थानों पर मेले भी लगेंगे।
शहर के घंटाघर स्थित बड़ी देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है। बड़ी देवी मंदिर के संरक्षक इंदु प्रकाश निगम ने बताया कि नवरात्र की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके अलावा सत्यप्रेमी नगर स्थित माता संतोषी मंदिर, कानूनगोयान स्थित मुड़कटी देवी मंदिर, लखपेड़ाबाग में जिला भवानी नीम मंदिर, पायनियर चौराहा स्थित मंदिर, राजकमल रोड के कैलाश आश्रम में पूरे नवरात्र भजन और पूजन चलेगा।
उधर, सफदरगंज थाना क्षेत्र के अंबौर गांव स्थित ज्वालामुखी मंदिर, सिद्धाैर ब्लॉक के बीबीपुर गांव में स्थित दुर्गा माता का मंदिर, सतरिख क्षेत्र के डल्लू खेड़ा गांव में स्थित सैलानी माता मंदिर, बदोसराय क्षेत्र के अमरा कटहरा माता मंदिर में नवरात्र के मौके पर दुकानें सज गई हैं। इन स्थानों पर आसपास के जिलों के श्रद्धालु भी पहुंचते हैं। वहीं, सोमवार को इसे लेकर बाजार में जमकर खरीदारी हुई।
शहर में धनोखर चौराहा से घंटाघर और नाका सतरिख जाने वाले मार्ग पर सजी दुकानों पर दुर्गा माता की विभिन्न प्रकार की तस्वीर, प्रतिमाएं, नारियल, चुनरी, आसन, पूजा की थाली, घंटी, धूप, अगरबत्ती, देशी घी की खूब खरीददारी हुई। नवरात्र के उल्लास में पहले दिन और अष्टमी को बच्चे भी व्रत रखेंगे। इसे लेकर घरों में भी सफाई की गई है। मंदिरों से लेकर लोगों के मोबाइल तक में मातारानी के गीत बजने लगे हैं।