बाराबंकी। शहर स्थित केडी सिंह बाबू स्टेडियम में जिला क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में सोमवार को प्रथम चौधरी मोहम्मद हबीब मेमोरियल प्राइजमनी ओपन क्रिकेट लीग शुरू हुई। प्रतियोगिता में आठ टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। पहले दिन दो मैच खेले गए , जिसमें यूपी पुलिस व अर्जुन क्रिकेट क्लब की टीम ने मैच जीते।
टूर्नामेंट का पहला मैच यूपी पुलिस और केडी सिंह बाबू स्टेडियम की टीम के बीच खेला गया, जिसमें यूपी पुलिस ने पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवर में 84 रन बनाए। जवाब में उतरी केडी सिंह बाबू स्टेडियम की टीम शुरू से ही दबाव में आ गई। यूपी पुलिस टीम के बेहतरीन क्षेत्ररक्षण व गेंदबाजी से स्टेडियम टीम के सभी खिलाड़ी 56 रन पर आउट हो गए। यूपी पुलिस की ओर से अभिषेक सिंह ने हैट्रिक समेत पांच विकेट लिए।
दूसरा मैच अर्जुन क्रिकेट क्लब और अवध स्काई क्लब के बीच हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए अवध स्काई ने पांच विकेट खोकर 129 रन बनाए, जिसमें आदित्य ने सर्वाधिक 37 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अर्जुन क्रिकेट क्लब की टीम ने दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
इसमें अल्तमश ने बेहतरीन 55 रन बनाए। इससे पूर्व मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप ने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। अभिषेक सिंह व अल्तमश को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। इस मौके पर पूर्व विधायक राम गोपाल रावत, बीडीसीए के अध्यक्ष अख्तर अजीज खान, चौधरी काशिफ, परवेज अहमद , अंकुर माथुर आदि मौजूद रहे।