महादेवा (बाराबंकी)। महादेवा महोत्सव में शनिवार को वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पहले दिन चैंपियनशिप का फाइनल मैच हुआ। इसमें केडी सिंह बाबू स्टेडियम की टीम ने बाजी मारकर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया।
वॉलीबॉल का पहला मुकाबला किंतूर और जरवल की टीम के बीच खेला गया। इसमें जरवल की टीम ने किंतूर की टीम को हरा दिया। इसके बाद दूसरा मैच केडी सिंह बाबू स्टेडियम व सआदतगंज के बीच हुआ। इसमें केडी सिंह बाबू स्टेडियम की टीम विजेता रही। तीसरा मैच सआदतगंज व जरवल के बीच खेला गया। इसमें जरवल की टीम विजेता रही।
चैंपियनशिप का पहला सेमीफाइनल जरवल और किंतूर के बीच हुआ, जिसमें जरवल की टीम विजेता बनी और फाइनल में प्रवेश किया। दूसरा सेमीफाइनल में किंतूर और केडी सिंह के बीच हुए मैच में केडी सिंह की टीम ने बाजी मारी और फाइनल में पहुंची। फाइनल मैच केडी सिंह स्टेडियम और जरवल की टीम के बीच खेला गया।
रोमांचक मुकाबले में जरवल को हराकर केडी सिंह बाबू स्टेडियम की टीम ने ट्राॅफी जीत ली। इससे पूर्व एसडीएम तान्या सिंह व ब्लाॅक प्रमुख संजय तिवारी ने वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ फीता काटकर किया। मैच के संयोजक रियाज रेफरी कमलेश कुमार यादव रहे और कमेंट्री आलोक शुक्ला ने की।