सफदरगंज (बाराबंकी)। सफदरगंज थाना क्षेत्र के चंदवारा गांव में रंजिश को लेकर हमलावर हुए एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घर में घुसकर तोड़फोड़ की। उस समय तेरहवीं का भोज चल रहा था। लोगों को दौड़ाकर पीटा गया। पुलिस ने नौ लोगों को नामजद करते हुए 10 अन्य के खिलाफ मंगलवार रात को केस दर्ज किया है। चंदवारा निवासी चंद्रप्रकाश के अनुसार, सोमवार रात को उनकी माता की तेरहवीं का भोज चल रहा था। इस दौरान रात करीब साढ़े 11 बजे रंजिश को लेकर गांव के ही शैलेंद्र, देवेंद्र, रमेश, गौरव, शिखर, धनीराम आदि समेत नौ लोग अपने करीब 10 साथियों के साथ घर पर पहुंचे और चंद्रप्रकाश को पीटने लगे। इस दौरान इन लोगों ने घर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। खाने पीने का सामान फेंक दिया और ईट-पत्थर चला दिए। इससे पूरे मोहल्ले में दहशत फैल गई। इसी दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस का वाहन आते देख सभी भाग खड़े हुए। सफदरगंज के थाना प्रभारी अभिषेक तिवारी ने बताया कि नौ लोगों को नामजद करते हुए 10 अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। तीन लोग गिरफ्तार हुए हैं। संवाद