बाराबंकी। जिले में गणतंत्र दिवस की धूम मची है। बुधवार को पूर्व संध्या पर विभिन्न सरकारी भवन तिरंगी झालरों से जगमगा उठे। वाहनों से लेकर घर जाते लोगों के हाथों में तिरंगा दिखा। इस पर्व का उल्लास स्कूल-काॅलेज, सरकारी-गैर सरकारी कार्यालयों से लेकर बाजार तक दिखा। पूर्व संध्या पर ही देशभक्ति के गूंजते तराने सुखद अहसास करा रहे थे। बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय पर्व पर जिले भर में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
गणतंत्र दिवस के मौके पर बुधवार को शहर के बस स्टेशन तिराहा, छाया चौराहा, धनोखर चौराहा, नाका-सतरिख, एसपी कार्यालय के पास, घंटाघर के निकट शास्त्री प्रतिमा, छाया स्थित राजा चलहारी नरेश की प्रतिमा, कंपनीबाग स्थित शहीद स्मारक में मूर्तियों व परिसर की सफाई की गई। स्कूल-काॅलेजों में होने वाले आयोजन को लेकर भी तैयारी की गई। सुबह से इस काम में नगर पालिका के कर्मचारी लगे रहे। शहर की ऐसी कोई बाजार नहीं थी जहां तिरंगा न बिके हो। बच्चों के साथ वाहन व बाइक चालकों ने तिरंगा खरीदे। तिरंगे वाली पगड़ी व टोपी की मांग इस बार ज्यादा रही। ब्रेसलेट भी खूब बिके। गणतंत्र दिवस के दिन बिक्री बढ़ने के कारण मिठाई की दुकानदार अतिरिक्त माल तैयार करने में जुटे रहे।
झांकी लेकर निकली देशभक्तों की टोली
निंदूरा (बाराबंकी)। विकास खंड निंदूरा क्षेत्र में बुधवार को थाना कुर्सी नहर कोठी से भारतीय संघर्ष युवा मोर्चा (अराजनैतिक) संगठन की ओर से तिरंगा यात्रा निकाली गई। लोगों ने वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। हल्की बारिश के दौरान सजी झांकियां आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। यात्रा का समापन टिकैतगंज स्थित बेगम हजरत महल पार्क के पास हुआ। कार्यक्रम में अनुज सम्राट, विशाल, शिवम अवस्थी, स्वजल निगम, पंकज वकार सिद्दीकी उपस्थित रहे।
बाक्स-
भवनों पर साढ़े 8 बजे तो स्कूलों में 10 बजे झंडारोहण
गणतंत्र दिवस के मौके पर बृहस्पतिवार को सभी सरकारी-अर्धसरकारी व गैैर सरकारी भवनों पर सुबह साढ़े आठे बजे तिरंगा फहराया जाएगा। जबकि शिक्षण संस्थाओं में सुबह 10 बजे झंडारोहण किया जाएगा। कलेक्ट्रेट के गांधी सभागार में विचार गोष्ठी होगी। यहीं पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को सम्मानित किया जाएगा।
सजाया गया परेड ग्राउंड, होंगे विविध आयोजन
गणतंत्र दिवस के मौके पर बृहस्पतिवार को रिजर्व पुलिस लाइन में विविध आयोजन होंगे। इसकी तैयारी पिछले 15 दिनों से चल रही है। परेड ग्राउंड को दुल्हन की तरह सजा दिया गया है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यमंत्री सतीश शर्मा रहेेंगे। यहां परेड के साथ स्कूली बच्चे नृत्य व गायन प्रस्तुत करेंगे तो अनेकता में एकता की झांकी भी प्रस्तुत की जाएगी।
रमाकांत व राकेश सम्मानित
गणतंत्र दिवस के मौके पर डीजीपी ने सराहनीय सेवा के लिए पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया है। एसआईसीपी रमाकांत द्विवेदीको जहां सेवा अभिलेख के आधार पर उत्कृष्ट सेवा सम्मान मिला है, वहीं मुख्य आरक्षी राकेश कुमार को शौर्य के लिए सराहनीय सेवा सम्मान से नवाजा गया है।
स्टेशन से लेकर बाजारों तक चेकिंग अभियान
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पुलिस, जीआरपी व आरपीएफ ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस टीम ने शहर व सफेदाबाद स्थित रेलवे स्टेशन के अलावा शहर में भीड़भाड़ वाले स्थानों पर चेकिंग की। डॉग स्क्वायड के साथ हुई चेकिंग के दौरान संदिग्धों की तलाशी भी ली गई।