बाराबंकी। युवाओें को रोजगार मुहैया कराने के उद्देश्य से शनिवार को आईटीआई महुआमऊ व निंदूरा ब्लॉक में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें मैकेनिकल, सिक्योरिटी व आयुर्वेद से जुड़ी कंपनियों में नौकरी की सबसे अधिक मांग रही। इन कंपनियों ने मेले में प्रतिभाग करते हुए 582 अभ्यर्थियों का चयन किया है। इन्हें नौ से साढ़े 12 हजार रुपये का वेतन दिया जाएगा।
महुआमऊ में आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को मैकेनिकल व्यवसाय के लिए रोजगार मेला लगा। मेले में रायॅल इनफील्ड (डॉन बास्को) कृष्णानगर, लखनऊ ने 25, ज्ञान मिल्क इंडस्ट्रियल एरिया, कुर्सी रोड, लखनऊ ने 32, टीएंडएल ग्लोसेस चिनहट लखनऊ ने 12, जेडएफ कॉमर्शियल व्हीकल कंट्रोल सिस्टम बाराबंकी ने 10, एनटीटीएफ टाटा मोटर्स लखनऊ ने 33, अंकुर ट्रेडर्स कुर्सी रोड लखनऊ ने 10, महिंद्रा एमएस सर्विसेज ने 36, वर्क फाॅर पे-टीएम ने 34 अभ्यर्थियों समेत कुल 192 का चयन किया। आईटीआई बाराबंकी के प्रधानाचार्य दीपक कुमार यादव ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को 10 से 12 हजार रुपये वेेतन मिलेगा।
निंदूरा ब्लॉक पर आयोजित रोजगार मेले में आयुर्वेद एवं सिक्योरिटी से जुड़ी कंपनियों ने सबसे ज्यादा अभ्यर्थियों का चयन किया। मेले में कुल 1018 आवेदकों ने पंजीकरण कराया था। कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा अलग-अलग काउंटर लगाए गए। मेले में जिला परियोजना प्रबंधक, उप जिला परियोजना प्रबंधक, एरिया ऑफिसर ब्लॉक स्तरीय, फिटर, टर्नर, वेल्डर, मशीनिस्ट, पैकिंग हेल्पर, स्टोर कीपर, स्टोर इंचार्ज, सुपरवाइजर, फील्ड मैनेजर, असिस्टेंट मैनेजर, ब्रांच मैनेजर आदि के पद पर जीफॉरएस सिक्योरिटी ने 87, पुखराज हेल्थ केयर ने 78, ब्राइट फ्यूचर ऑर्गेनिक हर्बल एंड आयुर्वेदिक प्राइवेट लिमिटेड ने 68, संजीवनी आयुर्वेदिक 19, कैरियर ब्रिज ने 93, सिपला आयुर्वेदा ने 47 अभ्यर्थियों समेत 390 का चयन किया।