कुर्सी (बाराबंकी)। औद्योगिक क्षेत्र उमरा में शनिवार की सुबह एक नमकीन फैक्टरी में ब्वॉयलर का कैप्सूल फटने सेे आग लग गई। देखते ही देखते फैक्टरी से तेज लपटें व धुआं उठना शुरू हो गया। यहां काम करनेे वाले कर्मचारियों ने भाग कर अपनी जान बचाई और सूचना पुलिस व दमकल विभाग को दी। सूचना के करीब एक घंटे बाद लखनऊ से पहुंची दमकल गाड़ी ने मोर्चा संभाला। बाद में बाराबंकी व फतेहपुर की तीन और गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया। इस हादसे में करीब छह लाख की संपत्ति नष्ट होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
लखनऊ के हेमंत कुमार व विजय कुमार की औद्योगिक क्षेत्र उमरा में इंदर गृह उद्योग के नाम से नमकीन फैक्टरी है। शनिवार सुबह करीब पौने नौ बजे फैक्टरी में ब्वॉयलर को गर्म करने के लिए भट्ठी जलाई जा रही थी। तभी ब्वॉयलर में लगा कैप्सूल फट गया, जिससे आग लग गई। आग लगने से फैक्टरी में अफरा-तफरी मच गई। यहां काम कर रहे श्रमिक भागकर बाहर निकल आए। कर्मचारियों ने आग लगने की सूचना स्थानीय पुलिस, 112 व दमकल विभाग को दी।
सूचना पर सीओ फतेहपुर रघुवीर सिंह, थाना प्रभारी प्रदीप यादव और देवा पुलिस मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे बाद लखनऊ से दमकल की पहली गाड़ी पहुंची, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। आग की विभीषिका को देखते हुए फतेहपुर से एक व बाराबंकी से दमकल की दो और गाड़ियां बुलाई गईं। करीब दो घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग में करीब छह लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
प्रस्ताव के बाद भी नहीं बना फायर स्टेशन
औद्योगिक क्षेत्र में फायर स्टेशन बनाया जाना प्रस्तावित है। उद्योग बंधु की बैठक में यह मुद्दा उठता रहा है। डीएम के आदेेश पर जमीन चिन्हित हो चुकी है। यूपीएसआईडीसी को फायर स्टेशन का निर्माण कराना है, लेकिन अब तक इसकी शुरुआत नहीं हो पाई है। ऐसे में औद्योगिक क्षेत्र में आग लगने पर अन्य स्थानों सेे दमकल की गाड़ियां आती हैं। अगर फायर स्टेशन बन गया होता तो आग के विकराल होनेे सेे पहले काबू पाया जा सकता था।