बाराबंकी। शहर स्थित केडी सिंह बाबू स्टेडियम में रविवार को डीएम इलेवन और एडीएम इलेवन टीम के बीच क्रिकेट मैच खेला गया, जिसमें एडीएम इलेवन की टीम ने आठ रनों से जीत दर्ज की।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी एडीएम इलेवन की टीम की ओर से एडीएम राकेश कुमार सिंह ने 28 और ओम ठाकुर ने 50 रन बनाए। 16 ओवर के इस मैच में एडीएम इलेवन की टीम ने सात विकेट खोकर 119 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीएम इलेवन की टीम निर्धारित ओवर में आठ विकेट पर महज 112 रन ही बना सकी।
डीएम इलेवन की ओर से जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने सबसे ज्यादा 34 रन बनाए। इस दौरान रत्नेश त्रिपाठी ने तीन, निशांत राय ने तीन और विनय सिंह ने दो विकेट लिए। इस तरह से एडीएम इलेवन की टीम ने आठ रनों से यह मैच जीत लिया। इस मौके पर कोच मयंक द्विवेदी आदि मौजूद रहे।