दरियाबाद (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र के लालगंज गांव में शुक्रवार रात 10 बजे दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान आग लगा दी गई, जिसमें पुआल का ढेर और टेंट हाउस का सामान जल गया। मारपीट में घायल सात लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। सीओ व थानाध्यक्ष समेत भारी पुलिस बल ने गांव पहुंचकर हालात संभाले।
पुलिस के अनुसार, दरियाबाद थाना क्षेत्र के लालगंज गांव में रामू और राकेश के बीच रंजिश को लेकर शुक्रवार की शाम विवाद हुआ था। डायल 112 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस गांव पहुंची और दोनों पक्ष के लोगों को समझा दिया था। पुलिस के लौटने के बाद दोनों पक्षों के लोगों ने शराब पीकर फिर बवाल शुरू कर दिया।
देखते ही देखते दोनों पक्ष के लोग लाठी-डंडा लेकर भिड़ गए और जमकर मारपीट हुई। बवाल के दौरान ही रामू के घर के पास पुआल के ढेर में आग लगा दी गई। भड़की आग ने रामू के टेंट हाउस को अपने आगोश में ले लिया। टेंट हाउस की कुछ कुर्सियां भी आग में जल गई। सूचना पाकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष डीपी शुक्ला ने आग बुझानी शुरू की। फायर बिग्रेड की गाड़ी भी पहुंच गई। हालांकि तब तक आग पर काबू पा लिया गया।
सीओ रामसनेहीघाट हर्षित चौहान भी मौके पर पहुंच गए। मारपीट में रामअचल, राकेश, पप्पू, श्रीकेशन समेत सात लोग घायल हो गए। पांच लोगों को एंबुलेंस से सीएचसी मथुरानगर भेजा गया। सीओ हर्षित चौहान ने बताया कि सात लोग घायल हुए हैं। आग बुझा दी गई है। दोनों पक्षों ने रंजिश में शराब पीकर मारपीट की है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। तनाव को देखते हुए पुलिस गांव में मौजूद है।