सिरौलीगौसपुर (बाराबंकी)। सरकारी कार्यों में बाधा डालने, अनुसूचित जाति के लोगों को परेशान करने समेत कई मामलों के आरोपी गैंगस्टर की 72 लाख रुपये की जमीन कुर्क कर दी गई। संयुक्त टीम ने बदोसराय के हजरतपुर गांव में शुक्रवार को यह कार्रवाई की। आरोपी गिरोह के सरगना को चिह्नित किया गया था।
पुलिस के अनुसार, बदोसराय थाना क्षेत्र के हजरतपुर गांव निवासी सैय्यद मोहम्मद मेहंदी उर्फ जुल्फी मियां व मोहम्मद सलीम और हसनैन उर्फ हसीन पर गैंगस्टर का मुकदमा बदोसराय थाने में पिछले साल दर्ज किया गया था। आरोप है कि यह लोग गिरोह बनाकर दबंगई करते हुए अनुसूचित जाति के लोगों पर हमलावर हो जाते थे। सरकारी कार्यों में बाधा डालने व मारपीट करने के भी आरोप हैं। इन अपराधों से गिरोह के सदस्य ने संपत्ति बनाई।
पुलिस ने गैंगस्टर के तहत जुल्फी मियां की हजरतपुर गांव में ही स्थित 72 लाख रुपये की जमीन चिह्नित की थी। शुक्रवार को पुलिस व प्रशासन की संयुक्त टीम ने यह जमीन कुर्क कर दी। बदोसराय के थाना प्रभारी अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी पर छह मुकदमे दर्ज हैं।