बाराबंकी। लोनीकटरा क्षेत्र में शुक्रवार रात रायबरेली जिले के एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह युवक का शव खेत में मिलने पर घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की है। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन कर रही है।
यह घटना लोनीकटरा क्षेत्र के पूरे देबीदास का पुरवा एवं मंझूपुरवा गांव बीच हुई। शनिवार सुबह आबादी से दूर एक युवक का शव पड़ा देख ग्राम प्रधान ने सूचना पुलिस को दी। युवक के सिर व पीठ में गोली लगने के निशान थे। मौके पर स्थानीय पुलिस कर्मियों के साथ एएसपी अशोक कुमार ने भी छानबीन की। मृतक की पहचान रायबरेली जनपद के शिवगढ़ थानान्तर्गत बहुदाकला गांव निवासी वेद प्रकाश (35) पुत्र सन्तराम के रूप में हुई। छानबीन में पता चला कि वेद प्रकाश को शुक्रवार शाम गांव के दिलीप ने फोन कर बकाया पैसा लेने के लिए बुलाया था। उसके बाद वेद प्रकाश बाइक से लोनीकटरा के पूरे देवीदास गांव की ओर गया था। उसके बाद रात तक घर नहीं लौटा तो परिवारीजनों ने उसकी तलाश की लेकिन पता नहीं लग सका। शनिवार सुबह शव मिला। कुछ दूर पर बाइक खड़ी थी। वेद के शरीर कच्छा व बनियान के अलावा कोई कपड़ा नहीं था। वेद प्रकाश के सिर व पीठ में गोली लगने का निशान था। इससे माना जा रहा है कि गोली मारकर वेद प्रकाश की हत्या की गई। पुलिस ने वेद प्रकाश की पत्नी रोशनी ने तहरीर देकर दिलीप पर घर से बुलाकर पति की हत्या किये जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दिलीप व अन्य अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। लोनीकटरा प्रभारी नित्यानंद सिंह का कहना है कि आरोपी दिलीप से पूछताछ की जा रही है।