सिरौली गौसपुर। सरयू नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से तराई के 14 गांवों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। इन बाढ़ प्रभावित गांवों में लगभग 16 गर्भवती निवास कर रही हैं। उनकी सेहत को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मोबाइल यूनिट की तैनाती की है।
बाढ़ की चपेट में आए गांवों में टटेरवा, ढकवा माफी, शरदहा कुंडवा, बबुरी, सिरौली गुंग, कोठीडीहा और सनावा शामिल हैं। इन गांवों में गर्भवती महिलाओं को को प्रसव के दौरान कोई परेशानी न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ. आरिफ सिद्दीकी ने बताया कि आपात स्थिति में गर्भवती को मोबाइल मेडिकल यूनिट की सहायता से सीएचसी लाकर उनका सुरक्षित प्रसव कराया जाएगा। एंबुलेंस और मेडिकल स्टाफ को भी 24 घंटे मुस्तैद रहने के लिए निर्देशित किया गया है। (संवाद)