त्रिवेदीगंज (बाराबंकी)। क्षेत्र में दौलतपुर माइनर की पटरी कटने से पानी खेतों से होकर गांव में पहुंच गया। संपर्क मार्ग पर पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। वहीं, करीब 50 बीघा फसल जलमग्न हो गई।
हरदोइया से निकली दौलतपुर माइनर सात किमी लंबी है। इसकी सिल्ट सफाई टेल तक मानक के अनुरूप नहीं होने का आरोप ग्रामीण लगा रहे हैं। इसी के चलते तीन दिन पहले पानी छूटते ही माइनर उफना गई और बुधवार की रात दौलतपुर गांव में गंगा प्रसाद के खेत के पास पटरी बह गई। इससे माइनर का पानी व सिल्ट ईंट-भट्ठा से होकर गांव की आबादी में पहुंच गया और गलियों व घरों तक भरने लगा।
गांव के किसान कल्लू, अजीज, रवि, अशोक, राममिलन, विनोद के घर में पानी भर गया। किसानों का कहना है कि करीब 50 बीघा आलू, गेहूं व सरसों की फसल में पानी भर गया। कई बार शिकायत पर बृहस्पतिवार की शाम तीन बजे पानी रोक कर पटरी की मरम्मत शुरू कराई गई। वहीं, अवर अभियंता रामनारायण श्रीवास्तव ने बताया कि फसल को नुकसान नहीं हुआ है। माइनर की पटरी को सही करा दिया गया है।