सिंचाई विभाग की उदासीनता के चलते महुलारा माइनर भानपुर गांव के पास करीब चार मीटर कट गई इससे किसानों की करीब 60 बीघा फसल डूब गई। सूचना के बाद भी कोई सिंचाई कर्मी गांव नहीं पहुंचा। पानी खेत से होते हुए पांडेयपुरवा की ओर बढ़ रहा है।
बीते कई दिनों से भानपुर व पांडे पुरवा गांव के बीच नहर की पटरी में रिसाव हो रहा था। किसानों का कहना है कि इसकी सूचना सिंचाई विभाग को दी गई थी लेकिन कोई कर्मचारी गांव नहीं पहुंचा। गुरुवार भोर भानपुर गांव के समीप महुलारा माइनर की पटरी करीब चार मीटर कट गई जिससे आसपास के खेतों मेें पानी भर गया। पानी भरने से गेहूं, आलू, सरसों की करीब साठ बीघा फसल जलमग्न हो गई।