सूरतगंज (बाराबंकी)। क्षेत्र के नबीगंज गांव के पास से निकली बिलखिया माइनर की पटरी अचानक धंस गई। पानी का बहाव इतना तेज था कि देखते ही देखते करीब चार मीटर तक नहर पटरी के हिस्से को पानी बहा ले गया। पानी काफी तेजी से धान के खेतों में फैलता जा रहा था।
मौके पर पहुंचे सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने रेगुलेटर गिराकर जेसीबी से कटी माइनर की मरम्मत कराई। रामनगर एसडीएम तान्या सिंह ने बताया कि माइनर कटने की सूचना पर नहर विभाग के कर्मचारियों को भेजकर नहर की पटरी को दुरुस्त करा दिया गया है।
रामनगर क्षेत्र के ग्राम पंचायत अल्लापुर मजरे नबीगंज गांव के निकट से निकली बिलखिया माइनर की पटरी पानी के तेज बहाव के कारण धंस गई और चार मीटर तक पानी के बहाव के साथ बह गई। माइनर कटने से करीब दर्जन भर किसानों की धान की फसल जलमग्न हो गईं। माइनर कटने की जानकारी होने पर ग्रामीणों ने इसे बांधने की कोशिश की लेकिन पानी के तेज बहाव के चलते वह सफल नहीं हुए।
सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कर्मचारियों ने रेगुलेटर गिराकर जेसीबी से बांधने का कार्य शुरू किया। तब तक एक दर्जन किसानों की धान की फसल जलमग्न हो गई। किसानों का कहना है कि प्रतिवर्ष यह माइनर कटने से धान की खड़ी फसल को बरबाद कर देती है।